रांचीः सीएम रघुवर दास ने कहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस परिवार की भक्ति कर परिवारवाद की राजनीति करती है. जेएमएम में गुरुजी, हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन, बहु और कांग्रेस में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी.
इन्हीं तक पूरी पार्टी सिमटी हुई है. ये लोकतंत्र के विरोधी हैं. इन्हें राज्य की जनता एक भी सीट जीतने का मौका नहीं देगी. जनता उन्हें बता देगी कि वह जात-पात की राजनीति नहीं बल्कि विकास की राजनीति को पसंद करती है.
लोकतंत्र को सही ढ़ंग से परिभाषित करने वाली भारतीय जनता पार्टी है. जहां एक लोहा तोड़ने वाला मजदूर मुख्यमंत्री और चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन सकता है. अब आप परिवारवाद की राजनीति करने वाली पार्टी का दूसरा पहलू भी देखें. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कहते हैं. भ्रष्ट व चोर का गठबंधन है.
वे कहते हैं कि गठबंधन तो हो जाता है लेकिन बाद में लड़ाई होती है. अब आप ही निर्णय लें और झारखंड को एक स्थिर व मजबूत सरकार दें. जिसकी जरूरत झारखंड के संपूर्ण विकास के लिए है. आपने 2014 व 2019 के चुनाव में बता दिया कि जातिवाद, संप्रदायवाद, नकारात्मक, तुष्टिकरण की राजनीति अब पसंद नहीं. परिवारवाद की राजनीति करने वाले राहुल गांधी को देश की जनता ने नकार दिया.
सकारात्मक व विकास की राजनीति को जनता स्वीकार कर रही है, जिसका परिणाम है. केंद्र में भाजपा की सरकार देश के कल्याण हेतु लगातार प्रयत्नशील है. सीएम शुक्रवार को हजारीबाग में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे.
5 वर्ष में हमने 3 मेडिकल कॉलेज दिया-
रघुवर दास ने कहा कि 5 वर्ष में वर्तमान सरकार ने पलामू, हजारीबाग और दुमका में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर उसमें पढ़ाई भी प्रारंभ करवा दी. चाईबासा और कोडरमा में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य हो रहा है. अब राज्य के बच्चों को एमबीबीएस की पढ़ाई हेतु अन्य राज्य जाने की जरूरत नहीं. युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए सरकार 700 करोड़ रुपए खर्च कर रही है, ताकि उन्हें हुनरमंद बनाकर रोजगार व स्वरोजगार प्रदान किया जा सके.
स्थानीय नीति बनाई जिसे कांग्रेस और जेएमएम ने लटका कर रखा था-
रघुवर दास ने कहा कि स्थानीय नीति नहीं होने की वजह से राज्य में नियुक्तियां बाधित हो रही थी. हमने स्थानीय नीति बनाई, जिसे कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने वर्षों लटका कर रखा और राजनीति की. स्थानीय नीति बन जाने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ हुई और हजारों की संख्या में हमने यहां के 90 फीसदी स्थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान किया. 13 अनुसूचित क्षेत्रों में 10 साल के लिए स्थानीय को तृतीय व चतुर्थ श्रेणी में नौकरी मिले, इसकी व्यवस्था की गई.
5 वर्ष में हमने बेदाग सरकार दिया, राज्य के लोगों को योजनाओं का लाभ मिला-
रघुवर दास ने कहा कि राज्य गठन के बाद 2014 तक राजनीतिक अस्थिरता थी. विकास और कानून व्यवस्था सुदृढ़ नहीं थी. भ्रष्टाचार और उग्रवाद चरम पर था. विगत 5 वर्ष में एक बेदाग सरकार रही, जिसपर भ्रष्टाचार का एक भी और आरोप नहीं लगा और उग्रवाद आज अंतिम सांसे गिन रहा है.
रघुवर दास ने कहा कि बिजली व सड़क के बिना विकास संभव नहीं. 67 साल में (2014 तक) झारखण्ड के 38 लाख घरों में बिजली थी. डबल इंजन की सरकार ने 5 वर्ष के कार्यकाल में 30 लाख घरों को बिजली से आच्छादित कर दिया. किसानों को प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना व मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के जरिए कृषि कार्य हेतु 31 हजार मिल रहा है.
डबल इंजन की सरकार की वजह से महिलाओं को मुफ्त चूल्हा व डबल सिलेंडर प्राप्त हुआ. सुकन्या योजना बच्चियों की समृद्धि के लिए लागू की गई. राज्य के 57 लाख परिवार का स्वास्थ्य बीमा सुनिश्चित हुआ, विधवा बहनों को पेंशन की राशि 600 से बढ़ाकर एक हजार कर दी गई. बेघरों को आवास मिला.
पर्यटन में है अपार संभावनाएं सरकार पर्यटन को विकसित करने का कर रही है काम-
रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिस तरह झारखंड खनिज संपदा से परिपूर्ण है उसी तरह यहां के पर्यटन स्थल अपने आप में अद्भुत हैं. राज्य सरकार रामगढ़ स्थित मां छिन्नमस्तिका के मंदिर को वैष्णो देवी के तर्ज पर विकसित कर रही है.
ईटखोरी में 400 करोड़ की लागत से बौद्ध स्तूप का निर्माण किया जा रहा है. जैन धर्मालंबियों का तीर्थ स्थल पारसनाथ भी विकसित हो रहा है. रामगढ़ स्थित पतरातू डैम की तस्वीर हमने प्रथम चरण में बदली है. इसे मुंबई के मरीन ड्राइव के तर्ज पर विकसित किया जाएगा.

