शिबू सोरेन व रूपी सोरेन ने दिया आशीर्वाद
रांची: 3 नवंबर को होने वाले दुमका विधानसभा उपचुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) प्रत्याशी बसंत सोरेन सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई और जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन के छोटे पुत्र ने नामांकन दाखिल करने के लिए रांची से दुमका रवाना होने के पहले रविवार को अपने माता-पिता से आशीर्वाद लिया. पिता शिबू सोरेन ने पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरने जा रहे बसंत सोरेन को कई टिप्स दिये, वहीं मां रूपी सोरेन ने अपने अराध्य देव की पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद दिया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं धर्मपत्नी कल्पना सोरेन तथा छोटे भाई की धर्मपत्नी लता सोरेन, उनकी दोनों पुत्री परी एवं तारा के साथ उपस्थित थी.
जेएमएम प्रत्याशी बसंत सोरेन आज नामांकन दाखिल करेंगे. इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के भी उपस्थित रहने की संभावना है. अब तक के कार्यकाल के मुताबिक नामांकन दाखिल के मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता और संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम और जेएमएम विधायक स्टीफन मरांडी के भी उपस्थित रहने की संभावना है.
दुमका उपचुनाव जेएमएम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. इस सीट के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव 2019 में बरहेट से भी चुनाव लड़ा और दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद दुमका सीट छोड़ दी थी.

