रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्य सरकार द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराए जाने के मामले को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है. पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराकर राज्य सरकार जनाक्रोश को कम करने और प्रलोभन देने का काम कर रही है.
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत करते हुए लिखा है कि 22 और 23 नवंबर को सरकारी नियंत्रण के अधीन सहकारी संस्थानो द्वारा आम उपभोक्ताओं के बीच ट्रक भर-भर कर 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की बिक्री की जा रही है और वोटरों को अपनी ओर आकर्षित किया जा रहा है.
सब्जी बाजार में प्याज का खुदरा मूल्य 80 रुपये से लेकर 90 रुपये तक है. उसी स्थान पर मतदाताओं को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने के उद्देश्य से सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है.
पार्टी महासचिव ने शिकायत करते हुए लिखा है कि सब्जी, अनाज ,फल और दूध की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है.
खाद्द पदार्थों के मूल्य में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता में आक्रोश व्याप्त है. ऐसी परिस्थिति में सरकार द्वारा सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराकर मतदाताओं के बीच भ्रम फैलाने के प्रयास किए जा रहे हैं.
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पत्र के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त को ध्यान आकृष्ट करने और त्वरित निर्णय लेने का आग्रह किया है ताकि राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव में प्रलोभन मुक्त, सरकारी प्रभाव मुक्त, भय और भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराया जा सके.

