दुमका: झामुमो के बोरियो के विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने दुष्कर्म की घटना की पर बयान देते हुए समाज और अभिभावक को दोषी करार दिया है. राजमहल के सांसद और झामुमो नेता विजय हांसदा और बोरियो के झामुमो के विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने सोमवार को दुमका में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के खिजुरिया स्थित आवास में मीडिया कर्मियों के साथ विधानसभा उपचुनाव के संबंध बातचीत कर रहे थे.
इसी क्रम में झामुमो विधायक हेम्ब्रम ने दुष्कर्म की घटना के संबंध में बयान दिया. उन्होंने दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ने गयी पांचवी कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या मामले पर समाज और अभिभावकों को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा रामगढ़ हो या कहीं और जहां भी इस तरह की घटना होती है वह काफी निंदनीय और शर्मनाक है.
उन्होंने कहा कि मोबाइल के युग में बच्चे भटक रहे हैं. शराब,जुआ व अन्य बुरी आदतों के शिकार हो रहे हैं. इस कारण युवा वर्ग में अपराधिक प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है. उन्होंने कहा कि मोबाइल के बढ़ते प्रचलन से बच्चों में आ रहे भटकाव पर रोक लगाने के लिए बच्चों के अभिभावकों के साथ समाज को भी जागरुक होने और अपनी जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि अभिभावकों और समाज के लोगों द्वारा अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रख कर समाज में दुष्कर्म और हत्या की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है.
अभिभावकों की वजह से हो रही है घटना
झामुमो विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि रेप की घटना के लिए लड़के- लड़की के अभिभावक जिम्मेदार हैं. लड़की शाम में घर से निकलती है या फिर लड़का गांजा शराब जैसे नशीले पदार्थ का सेवन करता है पर उन्हें रोकते नहीं. नतीजतन अपहरण-रेप की घटना होती है.
बातचीत के दौरान झामुमो सांसद विजय हांसदा ने कहा कि भाजपा के नेता बौखलाहट में अनर्गल बयान दे रहे हैं. उन्होंने बाबूलाल मरांडी के उस बयान की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी राज्य की बेहतरी के लिए सोरेन परिवार का बोरिया बिस्तर समेट देना चाहते हैं, उन्हें यहां से खदेड़ देने का दंभ भरते हैं. हांसदा ने कहा कि पहले बाबूलाल मरांडी सोच समझकर बयान देते थे लेकिन अब भाजपा का पानी पीकर वे मर्यादा भूल चुके हैं.
उन्होंने कहा कि दुमका में अब उन्हें बैठने तक की कोई जगह नहीं मिलती है. इसलिए अनर्गल प्रलाप कर लोगों को भरमाने का प्रयास कर रहे हैं. लेकिन संथाल परगना की जनता को अभी भी झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के प्रति श्रद्धा और आस्था है.

