दुमका: उपराजधानी दुमका में आज झारखंड मुक्ति मोर्चा अपना 41वां स्थापना दिवस मना रहा है. हर साल की तरह इस बार भी दुमका के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पार्टी की बड़ी रैली औेर सभा हो रही है. इसमें झामुमो के सुप्रीमो शिबू सोरेन सहित झारखंड सरकार में शामिल पार्टी के सभी मंत्री, पूर्व एवं वर्तमान विधायक और सांसद तथा पार्टी के तमाम छोटे- बड़े नेता हिस्सा लेंगे.
रैली को लेकर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है और करीब डेढ़ दर्जन तोरण द्वार बनाये गये हैं. पार्टी के हजारों कार्यकर्ता और समर्थक पारंपरिक हथियारों के साथ आज शाम एसपी कालेज मैदान से जुलूस निकालेंगे और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंचेंगे, जहां सभा होगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस सभा में सम्मिलित होने के लिए कल ही दुमका पहुंच चुके हैं. कल उन्होंने दुमका राजभवन में आम लोगों से मुलाकात भी की और उनकी समस्याएं सुनीं.

