नई दिल्ली:- अभिनेता जॉन अब्राहम ने अपनी आने वाली फिल्म सत्यमेव जयते 2 की नई रिलीजिंग डेट का ऐलान कर दिया है. हालांकि फिल्म की नई रिलीजिंग डेट ने दर्शकों को थोड़ा असमंजस में डाल दिया है. दरअसल उनकी फिल्म सत्यमेव जयते 2 इस साल ईद के मौके पर यानी 14 मई 2021 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
अब दिक्कत यह है कि उसी दिन बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान की फिल्म राधे रिलीज होगी. दोनों ही बॉलीवुड के बड़े स्टार हैं और दोनों की फिल्में परदे पर धमाल मचाती आई हैं. इसलिए फिल्म आलोचकों का मानना है कि दोनों ही अभिनेताओं की फिल्में कमाई को लेकर एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी.
फिल्म की रिलीज डेट के बारे में बताते हुए जॉन अब्राहम ने लिखा, “तन मन धन, से बढ़कर जन मन गण! सत्यमेव जयते की पूरी टीम की तरफ से आप सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं. आप सभी से 14 मई 2021 को सिनेमाघरों में मुलाकात होगी.” आपको बता दें कि इससे पहले फिल्म के रिलीज होने की तारीख 12 मई 2021 रखी गई थी. रिलीजिंग डेट की सूचना देते हुए जॉन ने इंस्ट्राग्राम पर जो फोटो शेयर किया है उसमें वह सफेद रंग की पोशाक में सफेद रंग की पगड़ी पहने और तिरंगा लगराते दिखाई दे रहे हैं, जिसके शीर्षक में उन्होंने लिखा…तन मन धन से बढ़कर जन मन गण! फिल्म में जॉन अब्राहम के अतिरिक्त दिव्या कुमार खोसला मुख्य भूमिका में नजर आएंगीं. इस फिल्म को मिलाप जावेरी ने निर्देशित किया है.

