यूपी: उत्तर प्रदेश के बलिया में सोमवार रात कुछ बदमाशों ने एक हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार रतन कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. सिर में गोली लगने से रतन की मौके पर ही मौत हो गई. दिल दहला देने वाली ये घटना बलिया जिले के फेफना थाना इलाके की है. इस मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
हत्या के इस मामले में बलिया के एएसपी संजय यादव ने बताया कि, ‘सोमवार रात फेफना गांव में एक हिंदी चैनल के पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पत्रकार की पहचान 45 वर्षीय रतन सिंह के रुप में हुई है. घटना के समय फेफना गांव में वो अपने घर की ओर जा रहे थे.’
अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने कहा कि इस सिलसिले में चार लोगों दिनेश सिंह, अरविंद सिंह, सुनील सिंह और मोती सिंह को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, पत्रकार अपने पड़ोसी दिनेश सिंह के साथ एक संपत्ति विवाद में शामिल था.
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा, “रतन का अपने पड़ोसी के साथ संपत्ति को लेकर विवाद था. सोमवार शाम को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ और पड़ोसी ने उस पर गोली चला दी. अभियुक्त दिनेश सिंह भी रतन सिंह का साझीदार है”.

