नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों से पहले भाजपा ने प्रदेश में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ‘लोखो सोनार बांग्ला’ अभियान की शुरुआत की. इस अवसर पर राज्य भाजपा प्रमुख दिलीप घोष और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी उपस्थित थे. नड्डा ने बताया कि यह अभियान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 3 से 20 मार्च तक चलेगा.
जेपी नड्डा ने कहा, ”अगर हम सोनार बांग्ला अभियान की बात करें तो हमारी कोशिश है कि बंगाल की जनता सोनार बांग्ला बनाने में किस तरीके से योगदान कर सकती है. उसका हम समावेश करेंगे. इसके लिए हम लगभग 2 करोड़ से ज़्यादा लोगों का सुझाव लेने वाले हैं. 30,000 सुझाव बॉक्स हम बंगाल में उपलब्ध करावाएंगे. हमार एक मिड कॉल नंबर होगा- 9727294294 जिसमें हम आप अपना सुझाव दे सकते हैं. यही हमारा व्हाट्सएप नंबर भी है और ईमेल आईडी-www.lokkhosonarbangla.com है. कैंपेन 3 मार्च से 20 मार्च तक हर विधानसभा को कवर करेगा.”
नड्डा ने कहा कि हम पश्चिम बंगाल के प्रतिष्ठित इतिहास में स्वामी विवेकानंद, रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चटर्जी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, ईश्वर चंद्र विद्यासागर के योगदान को शामिल करने के साथ ‘सोनार बांग्ला’ बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं.”
उन्हों ने कहा, ”देश में लगभग 10 करोड़ किसान हैं, इनमें से लगभग 73 लाख बंगाल में ही हैं. प्रधानमंत्री किसान निधि की 7 किस्तें पहले ही जारी हो चुकी हैं, लेकिन बंगाल के किसान इससे वंचित रह गए हैं. पीएम ने कहा है कि हम पिछली किस्तें प्रदान करेंगे और जब हमारी सरकार बंगाल में बनेगी, तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का शुभारंभ किया जाएगा और राज्य के 73 लाख किसान इससे लाभान्वित होंगे. हम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना को हम लागू करेंगे.”
बीजेपी अध्यसक्ष ने कहा, ”यहां डेंगू फैला, मैं स्वास्थ्य मंत्री की दृष्टि से ममता जी से कहता था कि मुझे डेंगू की रिपोर्ट दो, वो डॉक्टर को धमकी देती थीं कि यहां से कोई रिपोर्टिंग नहीं होगी. कोरोना में सेंट्रल टीम भेजी थी, आपने उन्हें गेस्ट हाउस से बाहर नहीं निकलने दिया. आज 40 करोड़ लोगों ने जनधन खाता खोला है और बंगाल में 1.92 करोड़ लोगों ने जनधन खाता खोला है. इन खातों में कोरोना के दौरान प्रधानमंत्री जी ने महिलाओं को 500-500 रुपये की सहायता राशि भेजी है.”

