रांची: जेएससीए के आजीवन सदस्य तथा हजारीबाग सदर हॉस्पीटल के फिजियोथेरेपिस्ट पद पर कार्यरत नीतीश कुमार निशांत ने सामाजिक सुरक्षा सेवा (एसएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली. पिछले दिनों जेपीएससी 36 सिविल सेवा परीक्षा में वह परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार में ही सफल हुए.
भारतीय कुश्ती और वेटलिफ्टिंग टीम के फिजियो रहे नीतीश कुमार निशांत ने गिरिडीह से दसवीं की परीक्षा पास करने के बाद रांची कॉलेज से 12वीं बोर्ड परीक्षा पास की थी. फिर बाद में दिल्ली के जामिया से बैचलर इन फिजियोथैरेपी की डिग्री प्राप्त की.
उन्होंने कॉलेज ऑफ अप्लाइड एजुकेशन एंड हेल्थ साइंस मास्टर इन स्पोर्ट्स फिजियोथैरेपी की डिग्री प्राप्त की. वर्तमान में निशांत सदर हॉस्पीटल, हजारीबाग में फिजियोथैरेस्टि के रूप में कार्यरत है.
नीतीश कुमार ने बातचीत में कहा कि उनकी इस सफलता का श्रेय उनके माता-पिता, भाई, बहन, पत्नी श्वेता सहित सभी गुरुजन, मित्रों को है. उन्होंने कहा कि उनकी इस सफलता में इन लोगों का विशेष योगदान रहा है.
नीतीश कुमार निशांत की पत्नी श्वेता कुमारी फिलहाल देवघर के सदर हॉस्पीटल में फिजियोथैरेस्टि के रूप में कार्यरत हैं. श्वेता कुमारी भारतीय महिला कुश्ती टीम की कई वर्षों तक फिजियोथैरेपिस्ट रह चुकी हैं और कई बड़ी प्रतियोगिताओं में भारतीय महिला टीम की ओर से भाग ले चुकी हैं.
नीतीश कुमार निशांत की इस उपलब्धि पर जेएससीए, झारखंड कुश्ती एवं हॉकी संघ सहित कई खेल संघ के अधिकारियों व पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामना दी है. इन सबके अतिरिक्त भारतीय कुश्ती संघ के भोला नाथ सिंह ने विशेष रूप से नीतीश कुमार निशांत की इस उपलब्धि पर शुभकामना देते हुए कहा कि खेल जगत में रहकर इस तरह की सफलता प्राप्त करना काबिले तारीफ है. मैं उनके जीवन के और तरक्की के लिए बधाई व शुभकामना देता हूं.

