रांची: झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस एसके द्विवेदी की अदालत में पंचायत सचिव नियुक्ति के अंतिम परिणाम को जारी करने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई. सुनवाई के बाद अदालत ने जेएसएससी के सचिव को इस मामले में आठ सप्ताह में परिणाम जारी करने पर निर्णय लेने का आदेश दिया है. इसके बाद अदालत ने उक्त याचिका को निष्पादित कर दिया.इस संबंध में ओम कपूर सहित सहित अन्य ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है.
सुनवाई के दौरान प्रार्थियों के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि जेएसएससी ने वर्ष 2017 में पंचायत सचिव सहित अन्य पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था. जिसके बाद अगस्त 2019 में परीक्षा सहित अन्य प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. लेकिन लगभग डेढ़ साल से जेएसएससी अंतिम परिणाम जारी नहीं कर रहा. जबकि सभी अभ्यर्थी गैर अधिसूचित जिले से आते हैं.

