रांचीः झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा है कि पूर्व की सरकार के समय नगर विकास विभाग द्वारा पिछले पांच वर्षों में तालाब के सौदर्यीकरण के नाम लूट ही किया गया. बड़ा तालाब उसी स्थिति में है. प्राकृतिक तालाब को पक्का कर दिया गया, जिससे जलस्रोत खत्म हो गए. सड़क में पहली बारिश में ही बड़े-बड़े गड्ढे बन जाते हैं जिसमे खासकर बरियातू इलाका है. नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा की पूर्व की सरकार ने ऐसे प्रबंधन बनाएं जो केवल और केवल लूट का अड्डा है। अगर 14वें वित्त आयोग के पाई पाई का हिसाब लिया जाए तो कई अधिकारियों की नींद उड़ जाएगी। सुप्रीयो मंगलवार को बरियातू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा बिना मतलब का जो काम करवाया गया है वह सभी संदेह के घेरे में है.
डिस्टलरी तालाब को जबरन भरकर विवेकानंद पार्क बना दिया गया
उन्होंने कहा कि आज डिस्टलरी तालाब को जबरन भरकर विवेकानंद पार्क बना दिया गया। पार्क की आवस्यकता अभी के समय में क्या है कोई नहीं बता सकता। नगर विकास विभाग में लूट हुई है इसकी जांच होनी चाहिए। कांटाटोली को भी बदहाली की स्थिति में ला खड़ा कर दिया है। फ्लाईओवर बनाने के नाम पर उस वक्त वहां रह रहे अल्पसंख्यक समुदाय के घरों को तोड़ दिया गया और पर अभी तक फ्लाईओवर बनकर तैयार नहीं हुआ है। यह सिर्फ और सिर्फ लूट है जुडको को इस पर जवाब देना होगा.
पूर्व की सरकार में मंत्री से संतरी तक लूट में थे शामिल
सुप्रियो ने कहा इस लूट में मंत्री से लेकर संतरी तक शामिल थे। तत्कालीन नगर विकास विभाग को लूट की छूट मिली हुई थी। अब पूरे 5 वर्ष के कार्यकाल की जांच होनी चाहिए। कोयले के नाम पर भाजपा द्वारा नया खेल शुरू किया गया है। कोयला खदान मामले पर राज्य सरकार के हाई कोर्ट जाने पर भारतीय जनता पार्टी को मिर्ची लगी। उन्होंने बाबूलाल मरांडी के पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी डेढ़ महीना पहले तक पानी पी पीकर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते थे और कहते थे ‘कुतुब मीनार से कूद जाऊंगा लेकिन भाजपा में नहीं जाऊंगा’, ‘मैं हरिद्वार चला जाऊंगा लेकिन भाजपा में नहीं जाऊंगा’ लेकिन अब बाबूलाल भाजपा के नए-नए नीतियों को आत्मसात कर लिए है.

