रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य भर के कई इलाकों में पिछले दो दिनों में हल्की बारिश के बाद शुक्रवार को बादल छंटने से कनकनी बढ़ गयी है.
दो दिनों के दौरान हल्की बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब नौ डिग्री गिरावट दर्ज की गयी थी, लेकिन अब बादल छंटने के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है. हालांकि अधिकतम तापमान में बढ़त हुई.
राजधानी रांची और आसपास के इलाके में शुक्रवार सुबह भी बादल और कुहासा छाया रहा, लेकिन सुबह नौ-दस बजे के बाद से धूप निकली और लोगों ने राहत की सांस ली. हालांकि, खराब मौसम और कुहांसे के कारण गुरुवार को रांची से जाने वाले दो विमानों को रद्द कर दिया गया था. जबकि तीन विमानों को बदले हुए रूट से भेजा गया.
मौसम का असर ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ा. राजधानी एक्सप्रेस, सम्पर्कक्रांति एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें कल देर से रांची पहुंची जबकि राजधानी एक्सप्रेस चार घंटे देर से रवाना हुई.
मौसम पूर्वानुमान में अगले 24 घंटों तक बादल छाये रहने का अनुमान है.
वहीं मौसम बदलने और छिटपुट बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक एसडी कोटाल ने बताया कि आज से बादल छटने लगेंगे और तापमान में गिरावट आएगी. इससे पूरे राज्य में ठंड बढ़ेगी.

