अगले तीन-चार दिनों तक सुबह में धुंध व कोहरे का रहेगा असर
रांची: सर्दी ने तेजी से रंग दिखाना शुरू कर दिया है. रांची समेत राज्यभर के विभिन्न शहरों के न्यूनतम तापमानम में गिरावट दर्ज की जा रही है.
राजधानी रांची से सटे कांके क्षेत्र का न्यूनतम तापमान शनिवार को गिरकर 4.4 डिग्री सेल्सियस हो गया. मौसम पूर्वानुमान में आने वाले तीन-चार दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज किये जाने की संभावना जतायी गयी है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दक्षिणी झारखंड में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी, जबकि उत्तरी व मध्य झारखंड में आने वाले तीन-चार दिनों में इसी तरह का तापमान रहेगा. उन्होंने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में सुबह में धुंध और कोहरा का असर भी देखने को मिलेगा, जबकि कनकनी बढ़ने की संभावना है.
इधर, न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने के बाद विभिन्न जिलों में प्रशासन की ओर से जगह-जगह, प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन के निकट अलाव जलाने की व्यवस्था की गयी है, ताकि फुटपाथ पर रहने वाले गरीबों को थोड़ी राहत मिल सके. इसके अलावा कंबल वितरण का काम भी तेजी से करने का निर्देश दिया.

