नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर मशहूर हुए “बाबा का ढाबा” चलाने वाले कांता प्रसाद ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है. बाबा का कहना है कि 8 दिसंबर को उन्हें एक अनजान शख्स का फोन आया और उसने बाबा को उनकी दुकान जलाने और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. बाबा ने दिल्ली पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि पहली बार धमकी उन्हें 14 नवंबर को मिली .
बाबा ने बताया कि जब वह सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे तब वहां पर तीन लड़के बैठे हुए थे जिन्होंने बाबा से चाय मांगी. इसी बीच उनमें से एक लड़के ने बाबा को धमकी दी कि उन्होंने गौरव वासन के खिलाफ पुलिस में शिकायत करके ठीक नहीं किया. और जान से मारने की धमकी दी कि “चटका दूं क्या”. बाबा का आरोप है कि धमकी देने वाले शख्स ने अपने आप को गौरव वासन का भाई बताया था.
कौन हैं गौरव वासन और बाबा कांता प्रसाद?
गौरव वासन एक यू ट्यूबर हैं जिनके यूट्यूब चैनल के लाखों फॉलोअर हैं. गौरव ने ही कांता प्रसाद का एक वीडियो उनके ढाबे में बनाया था जो बेहद वायरल हो गया था. इस वीडियो में गौरव ने लोगों से बाबा की मदद करने की अपील की थी. इस वीडियो के वायरल होने के बाद लाखों लोगों ने बाबा के नाम पर पैसे डोनेट किए थे .
कुछ ही दिनों बाद बाबा कांता प्रसाद और गौरव वासन के बीच झगड़ा हो गया था . जब बाबा ने गौरव वासन के ऊपर डोनेशन में आए पैसों का गबन करने का आरोप लगाया था . बाबा ने इसे लेकर मालवीय नगर थाने में गौरव वासन के खिलाफ धोखाधड़ी का भी मामला दर्ज कराया था.
दिल्ली पुलिस कर रही है बाबा के आरोपो की जांच
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक बाबा की तरफ से जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत उन्हें मिली है. पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है. साथ ही ढाबे के आसपास लगे उन सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है, जिससे धमकी देने वाले उन लड़कों की पहचान की जा सके जो बाबा के ढाबे पर पहुंचे थे.

