नई दिल्ली: नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान शाहीन बाग में गोली चलाने वाले कपिल बैंसला (कपिल गुर्जर) को सेशन कोर्ट से जमानत मिल गई है. दिल्ली की साकेत कोर्ट में एडिशनल सेशन जज गुलशन कुमार ने 25 हजार रुपए के निजी मुचलके पर उसे जमानत दे दी. कपिल के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि वह सामाजिक व्यक्ति है. उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है. ऐसे में वह कानून हाथ में नहीं लेगा.
पिछले महीने शाहीन बाग के पास कपिल ने हवा में तीन गोलियां चलाई थी. पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके से ताल्लुक रखने वाले कपिल ने एक फरवरी को सीएए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की चेतावनी के बाद हवा में तीन गोलियां चलाई थी. इस दौरान उसने सांप्रदायिक नारे भी लगाए थे.
कपिल को 1 फरवरी को शाहीन बाग के पास फायरिंग करने के बाद दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद भी उसने कई नारे लगाए थे. उसने जय श्री राम के नारों के साथ कहा था कि ‘हमारे देश में किसी और की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी.’
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने जमानत अर्जी का पुरजोर विरोध किया और दलील दी कि कपिल के खिलाफ आरोप गंभीर हैं और मामले की जांच प्रारंभिक चरण में है. हालांकि उसका प्रतिनिधित्व करने वाले वकील ने अदालत से कहा कि उनके मुवक्किल सबूत के साथ छेड़छाड़ नहीं करेंगे और मामले में गवाहों को प्रभावित नहीं करेंगे.
अधिवक्ता नरवीर डबास ने अपने मुवक्किल के लिए जमानत की मांग करते हुए यह दलील दी कि वह अतीत में कभी भी इस तरह से किसी अन्य मामले में शामिल नहीं हुआ है. जमानत याचिका में वकील ने कपिल की पत्नी और नवजात बच्चे की दुहाई दी. कहा कि इन दोनों की जिम्मेदारी कपिल पर ही है और अब दिल्ली पुलिस की कस्टडी की कोई जरूरत नहीं है. लिहाजा उसे जमानत दे दी जाए.
कपिल दूध का व्यवसाय करता है. कपिल गुर्जर परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि जो घटना घटी है उसका अंदाजा किसी को नहीं था परिवार के लोगों ने बताया था कि कपिल अपने डेयरी उत्पादों को बदरपुर बेचने के लिए जाता था और वह रास्ता शाहीन बाग इलाके से होकर जाता था प्रदर्शन के चलते जो काम कुछ घंटे में हो जाता था अब उसमें कई घंटे लग जाते हैं जिसके चलते भी कपिल बेहद परेशान चल रहा था.
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कहा कि हिंसा मामले में अब तक 690 एफआईआर दर्ज की गई हैं. 48 मामले आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं. 2193 लोगों को या तो हिरासत में लिया गया है या गिरफ्तार किया गया है. इस बीच हिंसा के दौरान पुलिस के सामने पिस्तौल लहराने और फायरिंग करने वाले शाहरूख को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया. उस पर दिल्ली के गोकुलपुरी थाने में दिलबर नेगी की हत्या का मामला दर्ज है. नेगी का शव 26 फरवरी को क्षत विक्षत हालत में बृजपुरी इलाके से बरामद हुआ था.

