खूंटी: खूंटी में आठवीं जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का आयोजन नगर भवन में किया गया. जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में बतौर मुख्य अतिथि जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा एवं पद्मभूषण सम्मानित पूर्व सांसद कड़िया मुंडा उपस्थित हुए. कराटे चैंपियनशिप प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कराटे की विभिन्न कला का प्रदर्शन किया. कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कराटेकार भी जिला स्तरीय चैंपियनशिप में उपस्थित थे.
कराटे में शामिल कराटेकार विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि कराटे आत्मरक्षा की शैली है, इससे मानसिक शारीरिक और बौद्धिक विकास होता है. बालिकाओं को इसे जरूर सीखना चाहिए. स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है. खूंटी जिला हॉकी के लिए जाना जाता था लेकिन अब कराटे के लिए भी जाना जाएगा यह प्रशंसनीय है. महिला सशक्तिकरण में कराटे का विशेष योगदान है. जिस तरह ओलंपिक में भारत को तीरंदाज में महिलाओं ने मेडल दिलाया उसी तरह कराटे में भी खूंटी के खिलाड़ी ओलंपिक में अपनी जगह बनाएंगे. अब खूंटी में भी तीरंदाजी की तरह कराटे को प्रमोशन दूंगा. साथ ही खूंटी में 5 एकड़ भूमि पर इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा ताकि सभी खेल एक ही छत के नीचे हो सके.
आठवीं जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कराटेकार बालाजी, शीतल, रॉबर्ट, चेतन, निराली, निखिल और लंबी दूरी के मैराथन धावक शंकर साहू को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. कराटे चैंपियनशिप में नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पहान, आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण साहू राजकुमार जायसवाल, अश्विनी कुमार मिश्रा, हेजाज असदक शामिल रहे.

