साजन मिश्रा,
गोड्डा(बसंतराय): प्रखंड के महेशपुर गांव में करोड़ों की लागत से बने कस्तूरबा विद्यालय का ताला बसंतराय प्रखंड विकास पदाधिकारी शेखर कुमार, थाना प्रभारी गिरधर गोपाल की मौजूदगी में खोला गया.
मालूम हो कि महेशपुर गांव में पिछले एक वर्षों से कस्तूरबा विद्यालय बना पड़ा था लेकिन वो महज एक शोभा की वस्तु ही थी. जिसे चालू कराने की मांग बराबर उठ रही थी.
वहीं गोड्डा उपायुक्त के निर्देशानुसार बुधवार को सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के सम्बन्धित वार्डन इत्यादि कस्तूरबा विद्यालय पहुंचे, लेकिन यहां ताला जड़ा था. जिसके बाद वॉर्डन नीलिमा कुमारी ने इसकी सूचना बसंतराय प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया, जिसके बाद मौके पर बसंतराय प्रखंड विकास पदाधिकारी शेखर कुमार सहित बसंतराय की प्रशासनिक टीम पहुंची और अपने मौजूदगी में उक्त विद्यालय में जड़े ताला को तुड़वाकर सभी को अंदर प्रवेश करवाया.
इस बाबत वॉर्डन नीलिमा कुमारी ने बताया कि ताला जड़ने का मकसद ठेकेदार और यहां कार्य कर रहे किसी व्यक्ति के साथ पैसा का लेनदेन था. इस बात की पुष्टि प्रखंड विकास पदाधिकारी शेखर कुमार के द्वारा भी की गयी.

