देहरादून: केदारनाथ धाम के दर्शन करने वाले यात्रियों के लिए अब यात्रा आरामदायक होगी. केदारनाथ यात्रा के लिए शुक्रवार से हेली सेवा की शुरुआत हो रही है. इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं. कोविड-19 महामारी के चलते लंबे समय से हेली सेवा ठप पड़ी हुई थी.
टूरिज्म सेक्रेटरी दिलीप जावलकर के अनुसार, केदारनाथ धाम के लिए तीन जगह से हेली सेवा शुरू हो रही है. जिसमें गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा हेलीपैड शामिल हैं. इससे पूर्व डीजीसीए की टीम द्वारा तीनों हेलीपैडों का विजिट किया गया.
जिसमें यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम व सुविधाओं के लिए की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. उत्तराखंड सिविल एविएशन अथॉरिटी (यूकाडा) ने हेली टिकटों की ऑनलाईन बुकिंग शुरू कर दी है.
टूरिज्म सेक्रेटरी दिलीप जावलकर के अनुसार, अनलॉक-5 के बाद चारधाम यात्रा के प्रति तीर्थ यात्रियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. टूरिस्ट को कोविड रिपोर्ट व क्वारंटीन से मिली छूट से राज्य में पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है.
स्टेट में पर्यटन व तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु व पर्यटक सोशल डिस्टेसिंग का विशेष ध्यान रखें.

