अवैध बालू की तस्करी पर रोकथाम के लिए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश
मेदिनीनगर: सदर अनुमंडल पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक ने अपने कार्यालय में गुरुवार को अनुमंडल खनन टास्क फोर्स की बैठक की. इस दौरान सदर अनुमंडल क्षेत्र में पत्थर के अवैध कारोबार व अवैध बालू की ढुलाई करने वालों पर वे सख्त दिखे.
एसडीओ ने सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारियों से अवैध पत्थर ढुलाई करने वालों को गिरफ्तार करने व जरूरत पड़ने पर वाहन मालिकों पर प्राथमिकी भी दर्ज करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों से नियमों का उल्लंघन कर क्रशर यूनिट चलाने वाले मालिकों पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई करने की बात कही. बैठक में अवैध खनन को रोकने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई.
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारी को उनके क्षेत्र में हो रहे अवैध बालू के उठाव पर विशेष निगरानी बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने वन विभाग, अंचलाधिकारी व खनन पदाधिकारी को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए अवैध बालू की तस्करी पर रोकथाम के लिए कार्रवाई करने को लेकर निर्देशित किया.
इस दौरान श्रम अधीक्षक द्वारा सभी श्रमिकों का निबंध कराने का अनुरोध भी किया गया. उल्लेखनीय है कि अवैध बालू के परिवहन पर एसडीओ द्वारा सख्ती दिखाते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से अब तक 9 ट्रैक्टरों को जब्त भी किया गया है.
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी, उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक,सदर अनुमंडल के सभी अंचल अधिकारी, श्रम अधीक्षक व सदर अनुमंडल अंतर्गत सभी वनों के क्षेत्र पदाधिकारी उपस्थित थे.

