नई दिल्ली: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार एवं पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष जयकिशन समेत सभी उपाध्यक्षों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर राजधानी में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा छुपाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि केजरीवाल अपनी सरकार की नाकामी छुपाने के लिए ऐसा कर रहे हैं.
सोमवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में डिजिटल पत्रकार वार्ता के जरिए जयकिशन ने कहा कि झूठे मुख्यमंत्री के नाम से मशहूर केजरीवाल ने कोरोना से बचाने के बजाए दिल्लीवासियों को महंगाई की मार रही है. डीजल पेट्रोल के दामों में 30 फीसद और शराब पर 70 फीसद टैक्स लगाकर अपना खजाना भरने में लगे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कभी भी डीजल व पेट्रोल पर इतना वैट कभी नहीं लगाया था. टैक्स लगाने से सब्जियां, फल, राशन, खाने-पीने की चीजें महंगी हो गई हैं.
उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को घर जाने के पैसे देने के मामले में भी केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं. आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों दलों के नेता नूरा कुश्ती खेल रहे हैं. जयकिशन ने कहा कि कोरोना से लड़ रहे योद्धा डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ सुरक्षाकर्मी, सफाईकर्मिंयों को जरूरी सुरक्षा उपकरण मुहैया कराने में भी सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है. इसलिए केजरीवाल को तुरंत त्यागपत्र दे देना चाहिए.
जयकिशन ने आगे कहा कि अगर यही हालात रहे तो सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली वासियों के हक की लड़ाई लड़ने के लिए दोनों सरकारों के खिलाफ लॉकडाउन खत्म होने के बाद सड़कों पर उतरेंगे. बता दें कि कोरोना के कारण दिल्ली में अभी लॉकडाउन है.

