नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (arvind kejriwal) ने गुरुवार को नगरपालिका उपचुनाव (mcd bypoll election) के लिए सीलमपुर कोंडली और त्रिलोकपुरी में रोड शो कर जनता से आप प्रत्याशियों को भारी मतों के अंतर से जीत दिलाने की अपील की है. केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में आप की सरकार है और एमसीडी में भी आपका पार्षद होगा तो दोनों मिलकर दिल्ली का विकास करेंगे.
इस रोडशो में केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस दोने पर ही जमकर निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि पूरे देश में अगर भाजपा को कोई पार्टी हरा रही है और चुनौती दे रही है तो वह सिर्फ आम आदमी पार्टी है. कांग्रेस एक तरह से भाजपा की बी टीम बन गई है.
मुख्यमंत्री ने सीलमपुर में रोड शो में कहा कि हमने आपके बच्चों के लिए स्कूल बनवाए, अस्पताल बनवाए, महिलाओं को बसों में यात्रा फ्री कर दी, आपके लिए पानी और बिजली के इंतजाम किए, अगर आपने किसी कांग्रेसी को जीता दिया तो कोई फायदा नहीं होगा.
बीजेपी को वोट दिया तो वो नहीं करने देंगे काम- केजरीवाल
मुख्यमंत्री ने कोंडली में कहा कि अगर आप ने बीजेपी को वोट दे दिया तो वह मेरे साथ लड़ता रहेगा. जो भी काम में करवाना चाहूंगा वह हर काम में टांग अड़ाएगा. मैं कहूंगा कि यह गली बनवाओ तो बीजेपी वाला कहेगा कि नहीं बनवाने दूंगा. वह पार्टीबाजी करेंगे, गंदी राजनीति करेंगे. बीजेपी वाले हर चीज में लड़ते हैं.
सीलमपुर में सीएम का रोडशो
मुख्यमंत्री ने दोपहर 3:00 बजे सीलमपुर के वार्ड 41 चौहान बांगर से रोड शो की शुरुआत की. यह रोड शो चौहान बांगर की गली नंबर 29 से शुरू होकर, मटके वाली गली होते हुए, संजय गली नंबर 4 पहुंची और कल्याण वाली गली 2 ब्रह्मपुरी रोड पर खत्म हुई.

