नई दिल्ली: किसान आंदोलन को आज एक बार फिर राज्यसभा में जमकर हंगामा हो गया. इसके बाद सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित कर दी गई. कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद सभापति वेंकैया नायडू ने मार्शल बुलाकर हंगामा कर रहे तीन सांसदों को सदन से बाहर भेज दिया.
राज्यसभा की आज कार्यवाही शुरू होते ही सभापति वेंकैया नायडू ने आम आदमी पार्टी (आप) के तीन सांसदों – संजय सिंह, एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता को निलंबित कर दिया. इन सांसदों ने नए कृषि सुधार कानूनों को निरस्त करने की मांग करते हुए राज्यसभा के अंदर नारेबाजी की थी.
नायडू ने तीनों AAP सांसदों को निलंबित करते हुए कहा, ‘मेरे धैर्य की परीक्षा न लें, मुझे आपका नाम देना होगा और शेष निलंबन के लिए नियम 255 का उपयोग करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि सदस्यों को चैम्बर के अंदर इस तरह की अनुचित गतिविधियों से दूर रहना चाहिए. सदन की कार्यवाही की अनाधिकृत रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर इसके प्रसार से विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना हो सकती है.
एम वेंकैया नायडू ने कहा कि राज्यसभा के भीतर सेलुलर फोन के उपयोग पर प्रतिबंध है. यह देखा गया है कि कुछ सदस्य अपने मोबाइल फोन का उपयोग सदन की कार्यवाही को रिकॉर्ड करने के लिए करते हैं, ऐसा आचरण संसदीय शिष्टाचार के खिलाफ है.

