रांची:- रांची आरपीएफ पोस्ट के जवानों और मेरी सहेली की टीम ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन से एक किशोर को बरामद किया है. किशोर पढ़ाई के लिए पिता की डांट सुनने के बाद घर से भाग कर रांची आ गया था. यह किशोर बिहार के भोजपुर जिले के साकरडीह का रहने वाला है. किशोर रांची रेलवे स्टेशन किसी ट्रेन से आया था और एक नंबर प्लेटफार्म पर टहल रहा था. इसी दौरान आरपीएफ कि मेरी सहेली टीम की अनीता गोधरा, पीएस होरो और अखिलेश सिंह की नजर उस पर पड़ी.
आरपीएफ कर्मी किशोर के पास गए और उससे रेलवे स्टेशन पर होने का सबब पूछा. किशोर पहले तो कुछ बताने से आनाकानी करता रहा. बाद में उसने बताया कि वह घर से भागकर चला आया है. पढ़ाई के लिए घर वाले उसे डांट डपट करते थे. इसी से नाराज होकर घर से भाग आया. आरपीएफ कर्मियों ने किशोर को पकड़कर रांची चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है. किशोर से अभिभावक का पता पूछने के बाद चाइल्ड लाइन के अधिकारी अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं. किशोर को उसके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया जाएगा.

