BNN DESK: दिसंबर 2020 के महीने में सूर्य ग्रहण लगने वाला है. यह इस साल का दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण होगा. इस साल कुछ 6 ग्रहणों का संयोग है. इनमें दो सूर्य ग्रहण और चार चंद्र ग्रहण हैं. अभी तक कुल 5 ग्रहण हो चुके हैं. पिछला सूर्य ग्रहण 21 जून, रविवार को लगा था जो खंडग्रास था और उसे देश के कई शहरों में देखा गया था. यह साल आकाशीय, खगोलीय घटनाओं से भरपूर रहा है.
इस साल सूर्य ग्रहण, चंद्र ग्रहण के अलावा कई बार एस्टेरॉयड के आने की घटनाएं हुईं. दुर्लभ धूमकेतु भी दिखाई दिया था और इसी साल आकाश में एक ही सीध में कई ग्रह एक साथ आए थे. ब्लू मून जैसी दुर्लभ घटना भी इस साल देखने को मिली. कल 30 नवंबर को चौथा चंद्र ग्रहण पूरा हुआ अब इस साल का आखिरी ग्रहण सूर्य ग्रहण के रूप में आने वाला है. जानिये इस ग्रहण से जुड़ी सारी बातें.
यह ग्रहण 14 दिसंबर, रविवार को लगेगा. भारतीय समयानुसार इस ग्रहण का समय शाम 7 बजकर 3 मिनट से आरंभ होगा और इसकी समाप्ति मध्यरात्रि में यानी 15 दिसंबर की रात 12 बजकर 23 मिनट पर होगी. इस ग्रहण की कुल अवधि 5 घंटे की रहेगी. तिथि अनुसार यह ग्रहण अगहन कृष्ण अमावस्या को घटित होगा. यह खंडग्रास प्रकार का ग्रहण होगा एवं यह भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इसकी धार्मिक एवं ज्योतिष मान्यता नहीं है.
वर्ष के आखिरी सूर्य ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा. इसका समय विदेशों के लिए है. इस ग्रहण को दक्षिण अफ्रीका, प्रशांत महासागर सहित दक्षिण अमेरिका एवं मैक्सिको के कुछ इलाकों में देखा जा सकेगा. इसके अलावा यह सऊदी अरब, कतर, सुमात्रा, मलेशिया, ओमान, सिंगापुर, नॉर्थन मरिना आईलैंड, श्रीलंका और बोर्नियो में भी दिखाई देगा.चूंकि यह ग्रहण भारत में नज़र नहीं आएगा इसलिए गत चंद्र ग्रहण की तरह इस सूर्य ग्रहण का भी कोई सूतक काल नहीं होगा एवं इसका यहां कोई प्रभाव नहीं होगा.

