भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिला में सोन नदी पर बने नए कोईलवर पुल का गुरुवार को उद्घाटन हो गया. पुल का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा किया. इस अवसर पर नितिन गडकरी ने कहा कि कोईलवर में सोन नदी पर नए पुल के निर्माण के लिए आरा के सांसद आरके सिंह और बक्सर के सांसद अश्विनी चौबे कई बार आ चुके थे. मैंने भी एक बार पुराने पुल पर जाकर अनुभव किया था कि वहां कितनी समस्या है जिसके बाद ही इस पुल के बनने का रास्ता साफ हो गया था.
गडकरी ने कहा कि इस पुल के गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव मैंने स्थानीय सांसद आरके सिंह से मांगा है और जैसे ही मुझे यह प्रस्ताव मिलेगा यह पुल का नाम वशिष्ठ नारायण सिंह के नाम पर कर दिया जाएगा.
गडकरी ने कहा कि आज पूरे देश में सबसे अधिक ब्रिज बिहार में बन रहे हैं. पटना में गंगा नदी के तट पर बन रहे दूसरे लेन का दिसंबर 2021 तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा जबकि पटना में 3000 करोड़ रुपए की लागत से नए पुल का निर्माण कर लिया जाएगा.
गडकरी ने यह भी कहा कि इस पुल के दूसरे लेन का भी काम अगले छह महीने में पूरा हो जाएगा इसका भी ध्यान रखा जा रहा है. उन्होंने नीतीश कुमार से आग्रह किया कि निर्माण कार्य में जमीन अधिग्रहण में कोई समस्या ना हो इसका ख्याल रखा जाए तो फिर निर्माण के लिए केंद्र के पास पैसे की कोई कमी नहीं है.

