बोकारो:- सदर अस्पताल बोकारो समीप एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में बनाएं गए कोविडदृ19 टीकाकरण सत्र स्थल में शुक्रवार को उपायुक्त (डीसी) राजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (एसपी) चंदन कुमार झा, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) जय किशोर प्रसाद, अपर नगर आयुक्त शशिप्रकाश झा, डीआरडीए निदेशक सादात अनवर, पुलिस उपाधीक्षक नगर ज्ञानरंजन, सार्जेंट मेजर आदि पदाधिकारियों सहित गोपनीय कार्यालय के बड़ा बाबू प्रमोद सिंह, सहायक लक्ष्मी नारायण, निजी सहायक श्री अजित कुमार, आकाश कुमार ने 28 दिन पुरा होने पर कोविड 19 वैक्सीन (कोविडशील्ड) का दूसरा टीका लगाया.
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारियों ने टीकाकरण से पूर्व की सभी प्रक्रियाओं का अनुपालन किया. रजिस्ट्रेशन काउंटर में रजिस्ट्रेशन कराया, आइडी का सत्यापन कराया उसके बाद कोविड 19 का वैक्सीन लिया. सभी पदाधिकारियों ने 30 मिनट ऑब्जर्वेशन रूम में भी बिताया.
उपायुक्त श्री राजेश सिंह ने कहा कि टीकाकरण में किसी भी तरह की असुरक्षा की अफवाह पूरी तरह से गलत है. कोरोना का वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है, सभी लोग अपनी बारी आने पर वैक्सीन अवश्य लगाएं. उन्होने कहा कि प्रथम टीकाकरण के बाद मुझे कोई परेशानी नहीं हुई वहीं दूसरे टीकाकरण के बाद भी आधा घंटा ऑब्जरेव्शन रूम में बिताया, किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई है. स्वास्थ्य विभाग गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी मार्ग दर्शन के अनुरूप व्यवस्थित ढ़ंग से टीकाकरण कार्य कर रहा है.
पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार झा ने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने लोगों से टीकाकरण को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की. कहा कि उनके साथ जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारियों ने टीका लगाया. पहला एवं दूसरा टीकाकरण के बाद किसी तरह की कोई परेशानी किसी को नहीं हुई है. आप सभी कोविड-19 का वैक्सीन अवश्य लगाएं. इससे हमारा जिला पूरी तरह से कोरोना महामारी से सुरक्षित रहेगा.
सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार पाठक ने कहा कि 28 दिन पुरा होने पर आज डीसी, एसपी समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों ने दूसरे चरण का टीका लगाया. जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल के साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं निजी अस्पतालों में टीकाकरण कार्य चल रहा है. वर्तमान में 45 से 59 वर्ष के गंभिर बीमारी से ग्रस्त लोग एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र के महिला/पुरूष का टीकाकरण सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है.

