चतरा: विगत दो वर्षों से क्षतिग्रस्त पुल के कारण आवागमन में परेशानी झेल रहे चतरा जिले के नक्सल प्रभावित प्रतापपुर प्रखंड वासियों को सूबे के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने आज पुल की सौगात दी है. मंत्री ने बारिश के बाद नदी में आई तेज बाढ़ में बहे कठोन पुल निर्माण का शिलान्यास कर नदी के सहारे जान जोखिम में डाल यात्रा करने को विवश यात्रियों को राहत पहुंचाई है. जोरी-प्रतापपुर मुख्यपथ पर स्थित बांझाबहेर कठौन नदी पर लगभग 84 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पुल निर्माण का शिलान्यास मंत्री ने नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना कर किया.
मौके पर श्रम मंत्री सह चतरा विधायक सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि जोरी प्रतापपुर लाइफ लाइन कहे जाने वाले मुख्य पथ पर स्थित नदी का पुल बाढ़ में बह जाने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. लेकिन उसके बावजूद देश में वैश्विक महामारी को ले उत्पन्न संकट के कारण राज्य सरकार उसको दुरुस्त नहीं करा पा रही थी. श्रम मंत्री ने कहा कि अब देश और प्रदेश से कोरोना का संकट लगभग टल चुका है. ऐसे में सरकार अब विकास योजनाओं को गति देने की स्थिति में आ चुकी है. उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण होने के बाद इलाके में विकास योजना को और भी गति दी जाएगी.

