नई दिल्ली: भले ही एलएसी पर भारत और चीन के बीच तनाव कम होने लगा हो. लेकिन चीन की चालों से वाकिफ भारत अपनी रणनीति पर काम कर रहा है. भारत ने चीनी सीमा से सटे लद्दाख के इलाकों में सड़कों के निर्माण में तेजी लाने की तैयारी की है.
मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लद्दाख सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में निर्माणाधीन विभिन्न बुनियादी ढांचे वाली परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की.
इस बैठक के बंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर कहा, ‘सीमा सड़क संगठन की चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की एक बैठक में समीक्षा की गई.
बीआरओ सराहनीय कार्य कर रहा है. सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक सड़कों, पुलों और सुरंगों के निर्माण में तेजी लाई जाएगी. बीआरओ इस लक्ष्य की ओर मजबूती से काम कर रहा है.
दूसरी ओर, आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस बैठक में, लद्दाख क्षेत्र सहित वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के साथ बुनियादी ढांचे से संबंधित चल रही परियोजनाओं की स्थिति को प्रमुखता से उठाया गया था.
5 मई को इस क्षेत्र में गतिरोध शुरू होने के बाद, सरकार ने बीआरओ को पूर्वी लद्दाख में अपनी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को जारी रखने के लिए कहा था. रक्षा सचिव अजय कुमार और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में शामिल हुए.

