नई दिल्ली: लंबे समय से दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख में चल रहा तनाव थोड़ा कम होता दिख रहा है. सूत्रों ने कहा कि भारतीय और चीनी शीर्ष सैन्य कमांडरों की करीब 11 घंटे तक चली बैठक के बाद पूर्वी लद्दाख में सभी बिंदुओं को खत्म करने की आम सहमति बन गई है.
सूत्र ने बताया कि वार्ता ‘सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक और रचनात्मक माहौल’ में आयोजित की गई थी और यह तय किया गया था कि पूर्वी लद्दाख में सभी क्षेत्रों से होने वाले विवाद को दोनों पक्षों द्वारा कम किया जाएगा.
सोमवार को 14 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह ने दोनों पक्षों के बीच तनाव को कम करने के प्रयास में तिब्बत मिलिट्री डिस्ट्रिक्ट के कमांडर मेजर जनरल लियू लिन के साथ लगभग 11 घंटे की बैठक की.
पिछले हफ्ते गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव के बीच वार्ता हुई थी, जिसमें 20 भारतीय सेना के जवान मारे गए थे.
एक सूत्र ने कहा,’ आपसी सहमति बनाने के लिए पूर्वी लद्दाख में सभी तनाव वाले क्षेत्रों से सेनाओं को पीछे हटाने पर चर्चा की गई और दोनों पक्षों द्वारा इसे आगे बढ़ाया जाएगा.’
बता दें कि सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाना भी आज लद्दाख में अपनी दो दिवसीय यात्रा पर हैं. जनरल नरवाने की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारतीय और चीनी सैनिकों ने सैन्य कमांडर स्तर पर दो दौर की वार्ता के बीच भारत ने LAC पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.
