लखीसराय : 16 जून को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा लखीसराय जिले के बाईपास पुल का उद्घाटन वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा किया जाना है. जिसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिला पदाधिकारी शोभेंद्र कुमार चौधरी, एसपी सुशील कुमार , एसडीएम मुरली प्रसाद सिंह , एसडीपीओ रंजन कुमार के अलावा निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता जोगिंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिले के नवनिर्मित बाईपास पुल का निरीक्षण किया. साथ ही पुल के पास अतिक्रमण कर बनाए गए दुकान , झोपड़ी व अन्य अवैध निर्माण को 24 घंटे में हटाने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों ने कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर जिन लोगों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार भी किया जाएगा. उसके साथ ही एसपी सुशील कुमार ने नया बाजार क्षेत्र अंतर्गत बाईपास सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को भी सख्त हिदायत देते हुए अतिक्रमण हटाने को कहा. इसी दौरान सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वाले को भी समझाया गया है. आगे से सड़क पर इस तरह की सामग्री ना रखी जाए वरना उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही डीएम और एसपी ने कहा छोटे-छोटे बचे हुए कार्यों को एक दिन के अंदर संपन्न करने का निर्देश दिया इसी दौरान कार्यपालक अभियंता श्री सिंह ने कहा कि जल्दी सभी कार्यों को संपन्न कर बाईपास को उद्घाटन के लिए तैयार कर लिया जाएगा.

