रांची: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से शनिवार को दोपहर में तेजस्वी प्रसाद यादव मुलाकात करेंगे. जेल मैनुअल के मुताबिक लालू प्रसाद से मुलाकात के लिए बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से कई समर्थक और आरजेडी कार्यकर्ता भी पहुंचे है.
राजधानी रांची के रिम्स स्थित पेइंग वार्ड में भर्ती आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद से तेजस्वी यादव अपराह्न 12 बजे के करीब मुलाकात करने पहुंचेंगे, लेकिन सुबह से ही पटना और बिहार के विभिन्न हिस्सों से आये उनके समर्थक भी लालू प्रसाद से मुलाकात की आस को लेकर रांची पहुंचे है. आरजेडी कार्यकर्ता और समर्थक अपने साथ लिट्टी-चोखा, सरसो, चना व खेसरी का साग समेत अन्य सामान भी उपहार स्वरूप देने को लाये है.
जेल मैनुअल के मुताबिक शनिवार को लालू प्रसाद से सिर्फ तीन लोगों को ही मुलाकात की अनुमति दी जाती है. ऐसे में तेजस्वी यादव और अन्य दो लोग लालू प्रसाद से मिल सकते है. फिलहाल रिम्स के पेइंग वार्ड के बाहर लालू प्रसाद के समर्थकों की भीड़ लगनी शुरू हो गयी है.

