रांची: रिम्स निदेशक के बंगले में इलाजरत राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की दोबारा कोरोना जांच फिलहाल नहीं की जाएगी. उनका इलाज कर रहे मेडिसिन विभाग के डॉ. उमेश प्रसाद ने बताया कि नौ पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद लालू प्रसाद से
कांटेक्ट ट्रेसिंग को लेकर पूछताछ की गई. उनका कहना है कि वे पुलिसकर्मियों के संपर्क में नहीं थे. इन दिनों लालू प्रसाद कमरे से बाहर नहीं के बराबर निकल रहे हैं.
ऐसे में फिलहाल जांच की जरूरत नहीं है. इधर रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संक्रमित पुलिसकर्मियों का इलाज कोविड वार्ड में किया जा रहा है. साथ ही निदेशक के बंगले को सैनिटाइज कराया गया है.
बताते चलें कि वर्तमान में लालू प्रसाद की सुरक्षा में 36 पुलिसकर्मी तैनात हैं. 10 अगस्त को 28 जवानों का सैंपल लिया गया था. 10 दिनों बाद जब 20 अगस्त को रिपोर्ट आई. 9 जवान पॉजिटिव पाए गए.
अब एक बार फिर से सभी जवानों का सैंपल टेस्ट के लिए लिया जाएगा. इस बीच रिम्स के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा में तैनात सभी जवान बदले जा सकते है.

