रांचीः राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की जमानत पर सुनवाई अब 27 नवंबर को होगी. उनकी जमानत याचिका पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. अगली सुनवाई के लिए 27 नवंबर की तारीख निर्धारित की है. जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने लालू प्रसाद की तरफ से जमानत के लिए बहस की.
बताते चलें कि दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने उन्हें दोषी मानते हुए 7 साल की सजा दी है. सजा के दौरान इलाज के लिए लालू को रिम्स के केली बंगले में रखा गया है. लालू की ओर से याचिका में बताया गया है कि आधी सजा पूरी कर ली गई है, इसलिए उन्हें जमानत दी जाए. इसके अलावा उन्होंने अपनी बीमारी का भी हवाला दिया है. उनकी याचिका सूची में सीरियल नंबर 17 और 18 पर लगी हुई थी.
दीपावली और छठ की छुट्टी
चारा घोटाला के मामले के लिए झारखंड हाईकोर्ट में एक सक्षम बेंच को गठित किया गया है. उस बेंच की सुनवाई सप्ताह के प्रत्येक शुक्रवार को ही की जाती है. अब अगले शुक्रवार 13 नवंबर और 20 नवंबर को हाईकोर्ट में दीपावली और छठ की छुट्टी है. ऐसे में अगले 2 सप्ताह उनकी याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकेगी.
गौरतलब है कि लालू प्रसाद को चारा घोटाले के 5 मामलों में आरोपी बनाया गया है, जिसमें से चार मामले में सजा दी गई है. देवघर और चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी के दो मामले में उन्हें हाईकोर्ट से पूर्व में जमानत मिली हुई है, एक अन्य मामले में वर्ष 2013 में ही जमानत मिल चुकी है.

