पटना:– राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की जमानत मिलने का उनका परिवार लंबे समय से बेसब्री से इंतजार कर रहा है लेकिन किसी न किसी वजह से उनकी रिहाई का मामला अटक जा रहा है. गत शुक्रवार को दुमका कोषागार घोटाला मामले में सुनवाई हुई लेकिन लालू को जमानत नहीं मिली. कोर्ट ने मामले की सुनवाई 16 अप्रैल के लिए टाल दी. राजद सुप्रीमो के परिवार और समर्थकों को उम्मीद है कि इस दिन लालू यादव को जमानत मिल जाएगी. समर्थकों एवं परिवार के सदस्यों में जमानत की गहमागहमी के बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोमवार को एक ट्वीट कर हलचल तेज कर दी.
रोहिणी ने लगातार दो ट्वीट किए
रोहिणी ने अपने एक ट्वीट में कहा कि मंगलवार से रमजान का पाक महीना शुरू हो रहा है.
इसलिए वह अपने पिता की सलामती के लिए पूरे महीने रोजे रखेंगी. हालांकि, इस ट्वीट के कुछ देर बाद लालू की बेटी ने अपना दूसरा ट्वीट किया. इस ट्वीट में उन्होंने कहा कि ‘साथ में चैती नवरात्र भी है. वह दोनों पर्व पूरी निष्ठा के साथ कर सकती हैं.

