Ranchi:- आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव को पिछले दो दिनों से सांस लेने में तकलीफ हो रही है. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें शनिवार शाम को एयर एंबुलेंस से रांची से दिल्ली भेजा गया. दिल्ली में उन्हें एम्स में भर्ती कराया जाएगा. इससे पहले ग्रीन कॉरिडोर बनाकर लालू यादव को रिम्स से रांची एयरपोर्ट पहुंचाया गया. इस दौरान उनके साथ बेटी मीसा भारती नजर आईं, जबकि राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पहले ही एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गये थे. बता दें कि होटवार जेल प्रशासन ने लालू के साथ राबड़ी देवी को भी दिल्ली जाने की अनुमति दी है.
जानकारी के मुताबिक जेल प्रशासन ने फिलहाल एक महीने के लिए लालू को एम्स भेजने की अनुमति दी है. जेल आईजी बिरेन्द्र भूषण ने रिम्स निदेशक को चिट्ठी लिखकर इसकी इजाजत दी. इससे पहले रिम्स प्रबंधन ने जेल प्रशासन को लालू की खराब तबीयत को देखते हुए उन्हें अविलंब दिल्ली ले जाने का आग्रह किया. रिम्स मेडिकल बोर्ड ने बैठक को लालू यादव को एम्स भेजने का फैसला लिया.

