रांची: आजसू पार्टी के विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने आज विधानसभा में आज पंचायत प्रतिनिधियों के बकाया मानदेय का मामला उठाया. सरकार की ओर से इस संबंध में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने लंबोदर महतो के प्रश्न के उत्तर में बताया कि बोकारो जिले में सेवारत पंचायत समिति के सदस्यों के मानदेय भुगतान के लिए राशि आवंटित कर दी गयी है.
उन्होंने यह भी बताया कि निर्धारित प्रावधान के उनके लिए टी.ए. और डी.ए. के लिए भी राशि आवंटित की गयी है. पंचायत समिति के सदस्यों द्वारा प्राप्त दावा के अनुसार उन्हें टीए और डीए की राशि का भुगतान किया जाता है.
बाद में पत्रकारों से बातचीत में लंबोदर महतो ने बताया कि पूरे करीब 40 माह से राज्य भर के जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य को अब तक मानदेय नहीं मिल रहा है.मानदेय भुगतान नहीं होने का असर जिला एवं पंचायत प्रतिनिधियों पर देखा जा सकता है.
मालूम हो कि जिला परिषद सदस्य को 1500, मुखिया को 1000, पंचायत समिति सदस्य को 750 एवं वार्ड सदस्य को 250 रुपए का मानदेय तय किया गया है.
इसी क्रम में डॉ. लंबोदर महतो ने अपने विधानसभा क्षेत्र गोमिया के चतरो चट्टी इलाके के सुदूरवर्ती गांवों में पुल पुलिया निर्माण करने की भी आवाज उठाई.

