रांची: खलारी प्रखंड अंतर्गत विश्रामपुर पंचायत के जामुन दोहर बस्ती में मंगलवार देर रात भू-धंसान हो गया. पूरी बस्ती एनके एरिया के केडीएच परियोजना कोयला खदान से 200 मीटर के दायरे में है.
साथ ही वर्षों से बंद पड़े भूमिगत कोयला खदान के ऊपर बसा हुआ है. बस्ती के प्रदीप तुरी और अरविन्द तुरी परिवार के साथ अपने घरों में सो रहे थे.
मंगलवार रात 8 बजे इन लोगों को भूकंप जैसा अहसास हुआ. लेकिन ये समझ नहीं पाए. देर रात 2:30 बजे घर जमीन में धंसने लगा. इसके बाद ये लोग अपने घरों से निकल भागे. सुबह तक रह-रहकर जमीन में दरार बढ़ रहा था. दोनों घर करीब कई फिट नीचे की ओर धंस गए हैं. और घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.
वहीं अगल-बगल के घरों में भी दरार पड़ गयी. घटना के बाद बस्ती के लोग भयभीत है. घटना के बाद खलारी थाना प्रभारी अहमद अली एव मुखिया गोविंद उरांव घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली.

