रांची:- पुलिस की मुस्तैदी के बाद भी कोडरमा के रास्ते अवैध शराब का कारोबार जारी है. स्टोन चिप्स लदे ट्रक के पिछले हिस्से में दो तल्ला केबिन बनाकर उभारी मात्रा में अवैध शराब बिहार भेजा जा रहा था, जिसे कोडरमा पुलिस ने जब्त कर लिया.
एसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब को मिली गुप्त सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की टीम ने कोडरमा-जयनगर मार्ग पर भद्रकाली मंदिर के समीप ट्रक (बीआर 25जीए 1527) से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद किया. एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि ट्रक से 196 पेटी शराब बरामद की गई, जिसमें क्वार्टर 2736, हाफ 2208 और फुल 564 थे.
ऊपर गिट्टी, नीचे शराब की पेटियां
जब्त 12 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से में दो तल्ला केबिन बनाया गया था. इसमें ऊपरी हिस्से में गिट्टी लोड किया गया था और निचले हिस्से में शराब की पेटियां रखी गई थीं. एसडीपीओ के अनुसार, इसे बिहार ले जाया जा रहा था, लेकिन सटीक सूचना पर कोडरमा में जब्त कर लिया गया.
शराब तस्करी के लिए कई हथकंडे अपना रहे तस्कर
शराब तस्करी के लिए कई हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. जेनरेटर में छिपाकर, विशेष बॉक्स बनाकर तो कभी पिकअप वैन में केबिन बनाकर झारखंड से बिहार तक शराब की तस्करी लगातार जारी है. पिछले दिनों ऐसे मामलों में जितने भी वाहन जब्त हुए, सभी में खास तरह के बाक्स बनाकर तस्करी की जा रही थी. 8 फरवरी को चंदवारा थानाक्षेत्र में शराब तस्करी को लेकर जब्त वैन में भी चालक केबिन के पीछे बाक्स में शराब रखी गई थी. इससे पहले भी 30 जनवरी को चंदवारा थानाक्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में जब्त ट्रक में भी बाक्स बनाया गया था. यह ट्रक भी पीछे से देखने पर पूरी तरह खाली प्रतीत हो रहा था. सतगावां के रास्ते शराब तस्करी के दौरान जब्त वाहन में भी अंडरग्राउंड बाक्स मिला था.

