रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत दुर्गा सोरेन की 52वीं जयंती पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर नमन किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े ” दादा ” के इस दुनिया में नहीं होने से जो खालीपन आया है उसकी भरपाई नहीं हो सकती है.
वे किसी परिचय के मोहताज कभी नहीं रहे. उनकी कमी हमेशा खलेगी. वे आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके कार्य सदैव याद रखे जाएंगे. वे हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगे.
झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में भी दिवंगत दुर्गा सोरेन ने अहम भूमिका निभाई थी. उनकी नेतृत्व क्षमता बेहतरीन थी. वे युवाओं के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे.
झारखंड के विकास के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे. लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सोच और सपनों के अनुरूप झारखंड बनाने के लिए हम सभी को मिलजुल कर प्रयास करने की जरूरत है.
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद के अलावा सुप्रियो भट्टाचार्य और विनोद पांडेय ने भी स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

