लातेहारः हेरहंज थाना क्षेत्र के हम्बू गांव में संचालित ईट भट्ठा में सोमवार की रात मजदूर धर्मदेव उरांव (40) की मौत मामले को डीसी अबु इमरान ने गंभीरता से लिया. पूरे मामले की जांच जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार द्वारा करवाई गई. जांच में ईंट भट्ठा संचालक सकीम खां द्वारा अवैध तरीके से हुम्बू में भट्ठा संचालन करने, संचालन में घोर लापरवाही बरते जाने समेत विभिन्न नियमवाली का उल्लंघन करने की बात सामने आई. इसके बाद मंगलवार की शाम जिला खनन पदाधिकारी द्वारा मो. सकीम खां पर FIR दर्ज करवाई गई है.
बताते चलें कि सोमवार की रात हेरहंज थाना क्षेत्र के हम्बू गांव स्थित ईट भट्टे में कोयला तोड़ने वाली मशीन की चपेट में आने से धर्मदेव उरांव की मौत हो गई थी. मजदूर सकिम खान के ईट भट्ठे मे काम करता था. देर रात वह कोयला तोड़ने वाली मशीन को देख रहा था, तभी अचानक मशीन का सौकर टूट गया और वह धर्मदेव के पैर में चोट लगी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन फानन मे इलाज के लिए बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां प्रारम्भिक इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. धर्मदेव उरांव लोहरदगा जिले के किस्को थाना क्षेत्र के खटिया टोली का रहने वाला था.

