रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज देशव्यापी ‘स्पीक अप फॉर वूमेन सेफ्टी’ कार्यक्रम के तहत पार्टी के सभी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं की ओर से सोशल मीडिया पर ऑनलाइन अभियान चलाया गया. सर्वप्रथम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, रणदीप सिंह सूरजेवाला, केसी वेणुगोपाल समेत तमाम केंद्रीय नेताओं ने महिला सुरक्षा को लेकर आवाज बुलंद किया.
पार्टी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में पर राज्य में भी पार्टी के सभी विधायकों, मंत्रियों, सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जोरदार कैंपन स्पीक अप फॉर वूमन सेफ्टी कैंपेन चलाया, जिसमें आमजनों ने भी खासकर युवा वर्गा ने विशेष तौर पर अपना विरोध दर्ज कराया.
पार्टी नेताओं ने यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर बलात्कारियों को बचाना बंद करो, बलात्कार पीड़िताओं को लज्जित करना बंद करो, दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आवाज बुलंद किया.
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 2020 का सबसे बड़ा अपराध एक दलित वर्ग के घर बेटी बनकर जन्म लेना हो गया है.
सत्ताधारियों के सह पर बेफिक्र होकर हाथरस गैंगरेप के आरोपी घूम रहे है और यूपी सरकार चोरों की तरह तथा हिन्दू धर्म की मान्यताओं के खिलाफ रात के अंधेरे में पीड़िता के शव को जबरन जलाकर खुद ही मानवा अधिकारों की धज्ज्यिं उड़ा रही है.
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि इस दुनिया को सदा के लिए छोड़ने से पहले खुद पीड़िता ने अपने साथ गैंगरेप की बात कही, पर उत्तर प्रदेश सरकार इसे नकार रही है और इस घिनौने अपराध के आरोपियों को बचाने की कोशिश में लगी है, खुद पीड़िता के परिवार पर हत्या का आरोप और योगी सरकार जांच की दिशा को भटकाने में जुटी है.
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि योगी सरकार जनता का ध्यान हटाने के लिए जातिगत दंगों का डर दिखाने की बात कर रही है, लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि सामूहिक दुष्कर्म जैसी हैवानियत के खिलाफ सभी एकजुट होते है और ऐसे अपराधियों की कोई जाति-मजहब नहीं होती है.
राज्य के कृषि मंत्री बादल ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पूरी पार्टी इस उपेक्षित परिवार को न्याय दिलाने की आवाज को बुलंद कर रही है.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पार्टी इस तरह के मामलों में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्षरत है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने लिए संघर्ष को जारी रखेगी.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश को विकास के रास्ते में ले जाने में महिलाओं की भूमिका भी पुरुषों के सामान है और संविधान में भी उन्हें समानता का अधिकार देता है, परंतु भाजपा शासित राज्यों में महिला सुरक्षा खतरे में पड़ गयी है, इसलिए यह आवाज बुलंद करना पड़ रहा है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि उत्तरप्रदेश के जंगलराज में दलितों का दमन जारी है. हमीरपुर में एक दलित महिला को दबंगों ने पेड़ से बांध दिया और फिर उसके घर पर कब्जा कर लिया है,ऐसी तमाम घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सच की आवाज को दबाने की कोशिश में जुटी है, लेकिन लोग अब न्याय के लिए एकजुट हो गये है और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता है, तब तक संघर्ष जारी रहेगा.

