एस के सिंह,
पटना: मसौढ़ी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तेजस्वी के चाहने वालों में उनकी एक झलक पाने की होड़ मची रही. तेजस्वी के नारों से पूरा मसौढ़ी गूंज उठा. तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर मैं मुख्यमंत्री बना तो राज्य के दस लाख बेरोजगारों को रोजगार दूंगा और सभी किसान भाईयों को निर्वाध बिजली उपलब्ध करायी जायगी.
बुधवार को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि 9 नबंवर को लालू प्रसाद की रिहाई होने वाली है. वह जेल से बाहर निकलेंगे. उस दिन ही मेरा जन्मदिन भी है. मसौढ़ी विधानसभा के महागबंधन प्रत्याशी रेखा देवी को वोट देने की अपील की.
तेजस्वी ने कहा कि पिछली सरकार ने केवल मुद्दे गिनाये और उसपर राजनीति की , लेकिन विकास का कोई कार्य नहीं कर सके. स्थायी नौकरी चाहिये तो स्थायी सरकार बनाइये. हमारे सत्ता में आते ही सभी किसानों का कर्ज माफ किया जायगा और आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा, रसोईया का वेतन वृद्धी करते हुए सभी को नियमित किया जाएगा.
नियोजित शिक्षकों को समान काम के बदले समान वेतन देकर शिक्षा स्तर के गिरते ग्राफ को रोका जायगा. कार्यालयों को भ्रष्टाचार मुक्त करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में बिचौलियों को हटाकर उसका संपूर्ण लाभ लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जायेगा.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जहां एक ओर एनडीए सरकार पर तीखे हमले किये, वहीं दूसरी ओर युवाओं में जोश भरा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वे थक गये हैं. इसलिए अब उनसे बिहार संभल नहीं रहा है. न तो युवाओं को रोजगार दे पाये और न ही कोरोना में लौटे प्रवासियों के लिए कुछ कर सके. लिहाजा वे फिर पलायन को विवश हुए.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में नीतीश चाचा 15 साल में न तो एक भी कल कारखाना लगवा सके और न ही युवाओं को रोजगार दे सके. हमारी सरकार बनी तो 10 लाख नौजवानों को रोजगार देंगे.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियोजित शिक्षकों को समान काम का समान वेतन दिया जाएगा. वृद्धा पेंशन 400 से 1000 रुपये किया जाएगा. जीविका दीदी, स्वयं सहायता समूह, आंगनवाड़ी सेविका, आशा दीदी का मानदेय बढ़ाया जाएगा.
उन्होंने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि जंगल राज की बात करने वाले के कार्यकाल में अपराध चरम पर है. सूबे में भ्रष्टाचार चरम सीमा को पर गया है. अफसरशाही से आम जनता त्रस्त है.

