रांची: जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत विभिन्न दलों से भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले विधायकों और नेताओं-कार्यकर्त्ताओं को टिकट दिये जाने के संबंध में पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा कि जिसका जहां उपयोग, पार्टी उस पर विचार करेगी.
उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं को समुचित सम्मान मिलेगा. अर्जुन मुंडा जमशेदपुर स्थित अपने आवास घोड़ाबांधा में काली पूजा के मौके पर आयोजित महाप्रसाद के आयोजन के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे.
इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं-कार्यकर्त्ताओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया.
अर्जुन मुंडा ने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर कहा कि सीटें कम जरूर हुई हैं, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार भी वोटों का प्रतिशत कम नहीं हुआ है.
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड विधानसभा चुनाव में भी 65 प्लस को लेकर आशांवित है. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा को भरपुर मदद करेगी.
काली पूजा पर राज्यवासियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ विषय है, आज लोग चित्रगुप्त पूजा, सोहराय और भाईदूज का त्योहार भी मना रहे हैं, सभी को शुभकामनाएं.

