7 को सभी जगह मशाल जुलूस
आज सभी जिलों में निकाला गया संयुक्त मार्च
राजधानी रांची में रांची विश्वविद्यालय से अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित हुआ नागरिक मार्च
रांची: झारखण्ड के वाम व धर्मनिरपेक्ष दल सामाजिक और जनसंगठनों के साथ मिलकर देश के आंदोलनरत किसान संगठनों के आह्वान पर झारखंड में 8 दिसंबर के भारत बंद में सक्रिय भागीदारी करेंगे.
इसकी घोषणा आज अल्बर्ट एक्का चौक पर संपन्न हुए नागरिक मार्च के बाद आयोजित सभा में वाम – धर्मनिरपेक्ष पार्टियों और सामाजिक व जन संगठनों ने संयुक्त रूप से की.
सभा की अध्यक्षता सीपीआई के भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने की. संचालन माकपा के प्रकाश विप्लव ने किया. सभा में किसानों के आंदोलन के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार द्वारा मामले को लंबा करने और किसानों को धोखा देने के लिए तरह- तरह के हथकंडे अपनाए जाने की प्रवृत्ति की निंदा करते हुए किसान संगठनों द्वारा घोषित 8 दिसंबर के भारत बंद को समर्थन दिए जाने का एलान किया.
सभा को कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, प्रवक्ता अनिता यादव, भाकपा (माले) के जनार्दन प्रसाद, भाकपा के अजय सिंह, माकपा के सुखनाथ लोहरा के अलावा विभिन्न नेताओं ने संबोधित किया.
सभा में 7 दिसम्बर को सभी जगह मशाल जुलूस निकाले जाने और 8 दिसंबर को पुरे झारखंड में चक्का जाम कर आम लोगों, व्यापारियों, परिवहन कर्मियों, और नागरिकों से भारत बंद को सफल बनाने की अपील की गई.

