रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी अपनी जिम्मेवारी निभाएं. मुख्यमंत्री शुक्रवार को रांची के वन भवन में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम का उदघाटन कर रहे थे. मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वर्ण चंपा पौधा वन भवन के परिसर में लगाया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रदेश नदी, नालों, झरनों और जंगलों से हरा-भरा प्रदेश है. उन्होंने कहा कि आज दुनियाभर में पर्यावरण के साथ खिलवाड़ हुआ है, इसके बावजूद झारखंड की हरियाली आगे भी बढ़े, इसके लिए सभी को मिलजुल कर प्रयास करना होगा. उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर कई कार्यक्रम होते है, लेकिन आज जरूरत है कि सभी लोग पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेवारी को समझे और इसका समुचित निर्वहन करें. कार्यक्रम में आये सभी लोग कम से कम एक पौधा लेकर अपने घर जाये और उसके पेड़ के रूप में विकसित करने में अपना योगदान दें.
इससे पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हम प्रकृति की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण का संकल्प लें. आइये प्रकृति का सम्मान करें. हम आने वाली पीढ़ी के लिए वनों से आच्छादित झारखण्ड का निर्माण करें. अपने हिस्से का पौधा लगाएं और उसे सींच कर पेड़ बनाएं.

