रांची: मांडर विधायक बंधु तिर्की ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि काफी लंबे अरसे के बाद कई कानूनी और अदालती लड़ाई के बाद पंचायती राज चुनाव 2010 में वर्तमान स्वरूप में हुए और राज्य में अब तीसरी बार चुनाव होने वाले हैं.
पंचायत चुनाव के कारण सत्ता का विकेंद्रीकरण हुआ और राज्य के विकास में लोगों की सहभागिता बढ़ी, ग्राम- गणराज्य का सपना साकार हुआ इसके पश्चात ग्राम सभा, ग्राम पंचायतों की मजबूती हुई. विकास योजनाओं को ग्राम,टोला स्तर तक पहुंचाने में सहूलियत हुई
बंधु तिर्की ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में आ रहे गतिरोध को जल्द से जल्द खत्म की जाए एवं जब तक चुनाव नहीं होते पंचायत प्रतिनिधियों के वित्तीय शक्ति यथावत बने रहने दिया जाए. तिर्कीे ने यह भी कहा कि पदाधिकारियों के भरोसे पंचायतों को छोड़ना सही नहीं होगा.
पंचायतों के कार्यकाल समाप्त होने पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए पंचायतों के चुनाव होने तक व्यापक जनहित में वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए मध्य प्रदेश सरकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तर्ज पर प्रशासकीय समिति का गठन कर पंचायतों के कार्यकलापों को सुचारू रूप से संचालन किया जाए, ग्राम गणराज के सपने को साकार करने के लिए पंचायत सचिवालय के निर्माण कार्य लगभग पूरे हो गए हैं.
शेष बचे निर्माण कार्यों को अविलंब पूरा किया जाए तथा इन्हें सुविधा संपन्न बनाया जाए. वर्तमान सरकार को पंचायतों और उनके प्रतिनिधियों का अधिकार संपन्न बनाते हुए ग्रामीण विकास की गति को तेज करने का प्रयास भी करनी चाहिए, क्योंकि कोरोना सामाजिक, आर्थिक चुनौतियों को बढ़ाया है.

