रांची: हटिया पॉवर ग्रिड समेत विभिन्न पॉवर स्टेशनों में अपग्रेडेशन को लेकर सोमवार को पूरे दिन बिजली का आना-जाना लगा रहा. हर आधे घंटे की सप्लाई के बाद दो घंटे के लिए बिजली काट दी गई.
रांची के सभी इलाकों में हालत कमोबेश एक जैसे ही रहे. मेन रोड, रातू रोड, बरियातू, पिस्का मोड़, हरमू, लालपुर समेत अन्य सभी इलाकों में बिजली की परेशानी पूरे दिन बनी रही. सुबह से लेकर रात तक बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा.
दरअसल, पीएसडीएफ स्कीम के तहत झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के सभी ग्रिड को अपग्रेड करने की प्रक्रिया चल रही है. इस योजना को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से ही ग्रिड सब स्टेशन हटिया स्थित 50 एमवीए ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करने का काम शनिवार से ही चल रहा है.
बिजली विभाग की मानें तो यह काम सोमवार को भी चलेगा. यानी सोमवार को भी आम नागरिकों को बिजली की समस्या से दो चार होना पड़ेगा. अपग्रेडेशन के काम को देखते हुए बार-बार शटडाउन लिया जा रहा है. एरीवाय ब्वॉयज एरिया अलग पॉवर सप्लाई की जा रही है.
बता दें कि बार-बार लाइट कटने से बच्चों की ऑनलाइन स्टडी प्रभावित हुई. कोरोना महामारी को देखते हुए किसी भी स्कूल को फिलहाल खोलने का निर्णय नहीं लिया गया है. इस कारण बच्चे घर पर ही ऑनलाइन स्टडी कर रहे हैं.
ऑनलाइन स्टडी के लिए मोबाइल, टैब, लैपटॉप का इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन बिजली नहीं होने के कारण इलेक्ट्रिक डिवाइस चार्ज नहीं हो पा रहे. पढाई नहीं हो पा रही. कुछ ऐसी ही स्थिति वर्क फ्राम होम करने वालों के साथ भी है. लगभग सभी कंपनियां इन दिनों वर्क फ्राम होम मोड पर ही चल रही हैं. लाइट नहीं रहने से काम भी प्रभावित हो रहा है.

