रांची: कोरोना के कहर के बीच चतरा जिले के सिमरिया अनुमंडल में पिछले तीन दिनों से बिजली गुल है, जिससे लोग काफी आक्रोशित हैं और बिजली विभाग को कोस रहे हैं. बिजली के अभाव में अनुमंडल मुख्यालय सहित लगभग 23 दर्जन गांव अंधेरे में हैं. इस कारण लोगों को लॉक डाउन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
दरअसल रमजान के महीने तथा लॉक डाउन की मुश्किल घड़ी में बिजली न रहने से लोग काफी परेशान हैं. लोगों को पुराने शेडयूल के तहत भी बिजली नहीं मिल पा रही. लोगों को कहना है कि घरों में लगे विद्युत उपकरण भी बेकार पड़े हैं. लालटेन और मोमबत्ती के सहारे रात कट रही है. सभी उपभोक्ता बिजली का इंतजार कर रहे हैं. बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों को पढ़ाई करने में कठिनाई हो रही है. उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली सुधारने के लिए हर रोज कई तरह की घोषणाएं की जाती है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है.
मौसम की बेरुखी से सोलर प्लेट भी जवाब दे रहा है, जिससे मोबाइल भी चार्ज करना दूभर हो गया है. बिजली उपभोक्ताओं का कहना है कि हमलोग बिजली बिल भी समय पर भरते हैं, लेकिन बिजली नियमित रूप से नहीं मिल रही. विभाग की लचर व्यवस्था से आए दिन बिजली गुल रहती है. बिजली की आंख मिचौनी से अनुमंडल क्षेत्र के लोग काफी गुस्से में हैं.
हालांकि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मी तो जल्द ही समस्या का निराकरण करते हुए अनुमंडल क्षेत्र में व्यवस्था बहाल करने के दावे कर रहे हैं. लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि अगर अविलंब व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो लोग घरों से निकलने को मजबूर जरूर हो जाएंगे.
इधर राज्य की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस भी मामले में कूद पड़ी है. पार्टी नेताओं ने कहा है कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुई तो आंदोलन होगा. मामले को ले विभाग के जीएम से भी बात की जाएगी.

