नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने 10 जून 2020 से सभी श्रेणियों की शराब के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर लगाए गए 70% ‘विशेष कोरोना शुल्क’ को वापस लेने का फैसला किया है. दिल्ली सरकार ने चार मई को लॉकडाउन का तीसरा चरण शुरू होने के साथ ही 150 सरकारी शराब घरों को खोलने की अनुमति दे दी थी. इसके अगले दिन उसने शराब के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर 70 फीसदी ‘विशेष कोरोना शुल्क’ लगा दिया था.
हालांकि अब सरकार के इस नए फैसले के बाद राजधानी में अब शराब पीने वालों को अपनी जेबें और ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ेगी. दिल्ली सरकार ने ‘स्पेशल कोरोना फीस’ का फैसला शराब की दुकानों पर भारी भीड़ और सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने के मद्देनजर लिया था.
चार मई को 40 दिन बाद जब शराब की दुकानें जब फिर से खोली गयीं थी तो दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. कुछ जगहों पर सामाजिक दूरी के नियम का उल्लंघन किया गया था. शराब की दुकानों को भीड़ के अनियंत्रित होने की वजह से बंद भी करना पड़ा था. यही नहीं, कई जगह भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्के बल का इस्तेमाल भी करना पड़ा था. इसके बाद दिल्ली सरकार ने ‘स्पेशल कोरोना फीस’ लगा दी थी.

