देवघर: उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार आज टाॅक टू डीसी कार्यक्रम के माध्यम से जिले के 90 से अधिक प्रज्ञा केन्द्रों से लोगों ने वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के द्वारा अपनी समस्याओं व सुझावों को उप विकास आयुक्त संजय सिन्हा के समक्ष रखा गया.
इस दौरान एक-एक कर प्रखंड वार तरीके से जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के फरियदीयों की समस्याएं सुनी एवं आश्वस्त किया कि उनके सभी समस्याओं की जल्द से जल्द जांच कराते हुए शिकायतों का समाधान किया जाएगा. साथ ही उप विकास आयुक्त ने कई लोगों को तय समय के अनुसार कार्यालय आकर मिलने को कहा गया, ताकि उनकी समस्याओं का सही तरीके से निराकरण किया जा सके.
टाॅक टू डीसी कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने लोगों से शौचालय निर्माण से जुड़े कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत हुए. साथ हीं शौचालय के इस्तेमाल को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए इसका पूर्णरूप से उपयोग करने की बात कही.
इसके अलावे टाॅक टू डीसी कार्यक्रम के दौरान ज्यादातर समस्याएं सामाजिक सुरक्षा अधीन मिलने वाले विधवा पेंशन, वृद्धा पेन्शन, दिव्यांग्ता पेंशन, जन वितरण प्रणाली अंतर्गत दी जाने वाली अनाज, राशन कार्ड नहीं बनने संबंधी, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि से संबंधित थे, जिसपर संज्ञान लेते हुए उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निदेशित किया कि उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार टाॅक टू डीसी कार्यक्रम में आये हुए शिकायतों को निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करें.
टाॅक टू डीसी कार्यक्रम के दौरान पोस्ट मैट्रीक छात्रवृत्ति योजना के तहत तारीख बढ़ाने की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखण्डों से इस संबंध में प्रस्ताव लेकर संबंधित विभाग को पत्राचार करने का निदेश जिल कल्याण पदाधिकारी को दिया.
इसके अलावे पीएम आवास योजना, शौचालय से संबंधित शिकायतों को लेकर उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि मामले का सही तरीके से त्वरित जाँच करते हुए आवश्यक कार्रवाई कर संबंधित कार्यालय को रिपोर्ट समर्पित करें.
साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एफटीओ की प्रक्रिया तय समय के अनुरूप पूर्ण करें. सबसे महत्वपूर्ण सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम प्रधान व मूल रैयतों की सूची को तैयार करते हुए अपलोड करें, ताकि कोविड वैक्सिन देने की प्रक्रिया शुरू की जा सके.
इसके अलावे पेंशन व राशन कार्ड से जुड़े शिकायतों को लेकर उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करते हुए लाभुकों को उनका हक जल्द से जल्द दिया जाय. इसके अलावे विभिन्न शिकायतों का निष्पादन उप विकास आयुक्त द्वारा मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को टाॅक टू डीसी कार्यक्रम से जोड़कर किया गया.
उन्होंने कहा कि प्रज्ञा केन्द्रों में शिकायतकर्ता आधारकार्ड, बैंक एकाउंट विवरणी आदि साथ आये. इससे तत्काल समस्या सुलझाने में मदद मिलेगी. साथ ही लखोरिया पंचायत अन्तर्गत जल मीनार निर्माण में हुई अनियमितता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर प्रगति प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें.
कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी ग्रामीणों को कार्यक्रम से जुड़ने के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि कोरोना का संकट अभी टला ’नहीं है. हमें पूरी सावधानी रखने की जरूरत है. सामाजिक दूरी बनाकर रहें व मास्क आवश्यक पहने. साथ ही उन्होंने टाॅक टू डीसी कार्यक्रम से अधिक से अधिक ग्रामीणों को जुड़ने का आग्रह किया.

